लीची
लीची गर्मियों के खास फलों में से एक है। लीची रीठा कुल सैपिन्डेसी के खाद्य फलों का सर्वाधिक प्रसिद्ध समूह है। इसका वानस्पतिक नाम लीची चाइनेन्सिस है। लीची वातावरण की दृष्टि से सर्वाधिक सवेंदनशील उपोष्णकटिबंधीय फलवृक्ष है। फल रूचिकर मीठे अम्लीय स्वाद वाले सफेद भुरभुरे पारम्परिक बीजचोल वाला एक बीज होता है। इसे ताजे, हिमशीतित चाशनी में डिब्बाबन्द या लीची नट बनाने के लिए शुष्कित रूप में प्रयोग किया जाता है। इसका वृक्ष अपनी गहरी हरी पत्तियों एवं चमकीले लाल फल के साथ सुन्दर भू-दृश्य बनाता है। लीची का उत्पत्ति स्थान दक्षिण चीन है और भारत में यह १७वीं शताब्दी के अंत से उगाया जा रहा है। भारत लीची का दूसरा सबसे बड़ा लीची उत्पादक देश है जो विश्वव्यापी उत्पादन के लगभग पांचवें भाग के लिए उत्तरदायी है और अच्छी निर्यात की सम्भावना रखता है। बिहार, देश में लीची उत्पादन में प्रमुख राज्य है जबकि असम, उड़ीसा, झारखण्ड, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश, उत्तराखण्ड एवं पश्चिम बंगाल अन्य मुख्य लीची उत्पादक राज्य है। बिहार देश के लीची उत्पादन के लगभग तीन-चौथाई भाग के लिए उत्तरदायी है। राज्य की कृ...